कारोबारी से अपराधियो ने मांगी 20 लाख रूपये की रंगदारी
मोतिहारी। हरसिद्धि थाना क्षेत्र अंतर्गत जागापाकड़ भैया टोला के निवासी कॉर्पोरेट व्यवसाई सन्नी वर्मा से अपराधियों द्वारा 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। लिहाजा पूरे परिवार में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार अपराधियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से “राजू रंग” नामक आईडी से सन्नी वर्मा को धमकी भरा संदेश भेजा है। संदेश में साफ तौर पर 20 लाख रुपये की मांग की गई है और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। अपराधियों ने अपने संदेश में लिखा है कि “सन्नी वर्मा पैसा दे दो, क्या तुम्हें अपनी जिंदगी प्यारी नहीं है?” साथ ही 10 अप्रैल तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा गया है कि निर्धारित रकम 10 अप्रैल की रात 10 बजे भादा स्कूल से पहले सड़क किनारे रख दी जाए, अन्यथा 11 अप्रैल को हत्या कर दी जाएगी।
इस धमकी के बाद व्यवसायी सन्नी ने हरसिद्धि थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में भी उनसे इसी तरह रंगदारी मांगी गई थी, जिसमें उनके ही गांव के राजू दास और विजय दास को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मामले को लेकर हरसिद्धि थाना के अपर थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी हुई है। फिलहाल, इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।

