प्रखंड सभागार में पंचायत समिति की हुई बैठक

प्रखंड सभागार में पंचायत समिति की हुई बैठक
Facebook WhatsApp

-बैठक में गैस की कालाबाजारी का मुद्दा गरमाया 

सुगौली।  प्रखंड सभागार में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में 15 विभाग के अधिकारी के नही उपस्थित होने पर प्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की। बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा गैस की कालाबाजारी और वितरण व्यवस्था की बदहाली रहा, जिस पर जनप्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताई।

बैठक के दौरान स्थानीय विधायक ने गैस एजेंसी के प्रोपराइटर पर जमकर नाराजगी जताई और उन्हें तलब करते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। सदस्यों ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है और 3 से 4 हजार रुपये तक में ब्लैक में बेचा जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में गैस वितरण की स्थिति और भी खराब बताई गई,जहां मनमानी और दबंगई के आरोप भी सामने आए।गैस संकट के साथ-साथ बिजली व्यवस्था की लचर स्थिति,आरटीपीएस,दाखिल-खारिज,फसल क्षति मुआवजा जैसे कार्यों में अवैध वसूली के आरोप भी बैठक में गूंजे।

अनुपस्थित कर्मियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया और अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी गई।पशुपालन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि वर्तमान में केवल एक डॉक्टर और दो आउटसोर्सिंग कर्मी कार्यरत हैं। प्रत्येक पंचायत में निजी कर्मियों के माध्यम से कार्य कराया जा रहा है। वैक्सीनेशन के लिए प्रति पशु 5 रुपये शुल्क निर्धारित है,जबकि एससी-एसटी को 70% और अन्य वर्गों को 40% अनुदान दिया जा रहा है। हालांकि, ब्रीडिंग की सुविधा फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

बैठक में महिला रोजगार योजना,अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति,बालिका प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 2941 समूहों में 15 से 20 महिलाएं जुड़ी हुई हैं।लोहिया स्वच्छता मिशन के तहत शौचालय निर्माण कार्य जारी है, लेकिन इसमें अनियमितता की शिकायतें भी सामने आईं। सामुदायिक शौचालय और सोख्ता निर्माण के लिए 30 हजार रुपये की राशि निर्धारित है।

बैठक में यह भी बताया गया कि पंचायत स्तर पर पेंशनधारियों के सत्यापन का कार्य 4 से 21 अप्रैल तक चलेगा। वनस्पति माई महोत्सव के भव्य आयोजन और सुगौली संधि स्थल के सौंदर्यीकरण कार्य की भी जानकारी दी गई।अंत में विधायक ने स्पष्ट किया कि किसी भी विभाग में लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में विधायक बबलू गुप्ता,सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सर्राफ,अखिलेश झा,अफरोज आलम,मो सद्दाम,प्रदीप गिरी,प्रभाकर मिश्र,रणजीत झा,मैनेजर सहनी,बृजाभार साह,अवधेश कुशवाहा,रेणु देवी,प्रमुख रीना कुअँर,उप प्रमुख,बीडीओ नूतन किरण,अखिलेश कुमार,वकील कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि,अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page