नशीले इंजेक्शन के साथ नेपाल के दो तस्कर गिरफ्तार,2285 पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद
रक्सौल। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कौड़ीहार चौक के समीप 2285 पीस नशीला इंजेक्शन बरामद किया है। इस दौरान दो लोगों को हिरासत में लेकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष आईपीएस हेमंत सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग लक्ष्मीपुर पावर हाउस के पीछे स्थित सड़क पर हनुमान मंदिर के पास से नशीला इंजेक्शन लेकर गुजर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर नाकेबंदी कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मोटरसाइकिल संख्या BR 54 P 8884 की तलाशी ली गई, जिसमें छिपाकर रखे गए 2285 पीस डायजेपाम नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से नेपाल के हथौड़ा रोड नंबर 1 निवासी लालबाबू मियां (पुत्र अबजल मियां) तथा धर्मनगर कलेया बारा निवासी जंगी महतो (पुत्र हेमनारायण महतो) को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों के विरुद्ध मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस संबंध में कांड संख्या 152/26 दर्ज किया गया।छापेमारी में अनुमंडल दंडाधिकारी रवि कुमारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद, एसआई कुशलेश पाण्डेय,मेराज खान,कृष्ण मुरारी आदि शामिल थे।

