डुमरियाघाट में युवाओं के लिए सेना भर्ती प्रशिक्षण केंद्र का हुआ उद्घाटन
-सेना से रिटायर्ड सूबेदार युवाओ को देंगे निशुल्क प्रशिक्षण
डुमरियाघाट। थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमूआपुर खेल मैदान में युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई। यहां “केडी फिजिकल एकेडमी” नामक निशुल्क प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को सेना में भर्ती के लिए तैयार करना है।
इस अवसर पर डुमरियाघाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार, पूर्व सरपंच पंडित सुदामा तिवारी, मुक्तिनारायण मिश्र एवं सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार अरुण कुमार दूबे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एकेडमी का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सूबेदार अरुण कुमार दूबे ने सेना में रहते हुए देश की सेवा की है और अब वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देकर सेना में भेजने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर बताया।
वरिष्ठ अधिवक्ता शिवपूजन प्रसाद ठाकुर ने कहा कि यह एकेडमी स्वर्गीय कपिल दूबे की स्मृति में खोली गई है, जो समाजसेवा के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कहा कि अरुण कुमार दूबे अपने बड़े पापा के आदर्शों से प्रेरित होकर यह पहल कर रहे हैं, जो उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
सूबेदार अरुण कुमार दूबे ने बताया कि उनकी इच्छा है कि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देकर उन्हें सेना में भर्ती के योग्य बनाया जाए। इसी उद्देश्य से इस एकेडमी की स्थापना की गई है। कार्यक्रम में बच्चा गिरि, मुना शंकर मिश्र, अमित कुमार सिंह, विक्की कुमार दूबे, प्रदीप गिरि सहित करीब 500 युवा मौजूद रहे।

