कृषि विज्ञान केंद्र पीपराकोठी में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन
-आठ कंपनियों ने भागीदारी निभाई
– 652 बेरोजगार युवक-युवतियों ने अपना पंजीकरण कराया
मोतिहारी/पीपराकोठी। जिले के पीपराकोठी प्रखंड में जीविका परियोजना के तत्वावधान में स्थानीय कृषि विज्ञानं केंद्र के प्रांगण में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन प्रातः 10 से संध्या 4 तक किया गया। मेले में देश भर के प्रसिद्ध कंपनियों में एलआईसी, होप केयर, क्वेस्कार्प एवं ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सहित कुल 8 कंपनियों ने भाग लिया।
मेला का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक अरविन्द कुमार सिंह, जीविका जिला परियोजना प्रबंधक सौरभ कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मेला में पीपराकोठी प्रखंड के अलावा कोटवा, चकिया एवं मोतिहारी सदर प्रखंड के बेरोजगार युवक-युवतियों ने उपस्थित होकर रोजगार एवं प्रशिक्षण के लिए विभिन्न कंपनियों में आवेदन किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. कुमार ने कहा कि प्रखंड में जीविका दीदियों ने जो अपने -अपने कार्यों से अपने गांव एवं समाज में विकास की नई मिसाल कायम करते हुए जो समाजिक परिवर्तन की है, वह जीविका परियोजना के बिना असंभव था। जीविका परियोजना ग्रामीण सुदूर क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर जीविकोपार्जन के सभी क्षेत्रों में भी अहम योगदान दे रहे है।
इस क्षेत्र में जीविका रोजगार मेले के आयोजन से ग्रामीण युवक एवं युवतियों को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध होंगे साथ ही जीविका दीदियों द्वारा किये जा रहे विभिन्न जीविकोपार्जन संबंधी कार्य या समाज से जुड़े हुए सामाजिक कार्यों की काफी सराहना की। इसके अलावा उन्होंने उपस्थित अभ्यर्थियों को रोजगार एवं प्रशिक्षण उपरांत स्वरोजगार हेतु विशेष मार्गदर्शन भी दिया गया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक अरविन्द कुमार सिंह ने जीविका दीदियों से जीविकोपार्जन में कृषि कार्य एवं प्रशिक्षण के महत्त्व को साझा किया और साथ ही जीविका दीदियों के विकास में अपना हर संभव सहयोग प्रदान करने का वचन भी दिया। जीविका जिला परियोजना प्रबंधक सौरभ कुमार ने जिले में जीविका के कार्यों की उपलब्धियों सहित एवं रोजगार मेले के अहमियत को साझा करते हुए इसकी आज के परिपेक्ष्य में जरूरत एवं उपयोगिता बताई।
जीविका पूर्वी चंपारण रोजगार प्रबंधक अभिषेक आनंद ने बताया कि इस रोजगार सह मार्गदर्शन मेला में कुल 652 बेरोजगार युवक-युवतियों ने अपना पंजीकरण कराया। मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 145 अभ्यर्थियों को नियुक्ति के अगले चरण के लिए चयन किया गया। 126 अभ्यर्थियों ने कौशल विकास एवं नियोजन हेतु एसएमओ. एवं हाउस कीपिंग ट्रेड्स प्रशिक्षण हेतु आवेदन किया गया साथ ही 115 अभ्यर्थियों ने आर.एस.ई.टी.आई में प्रशिक्षण हेतु अपना आवेदन दिया।

इस कार्यक्रम में सभी अतिथियों द्वारा मेले में आये हुए विभिन्न कंपनियों के स्टालों का भ्रमण भी किया गया। मंच का संचालन जीविका के प्रशिक्षण अधिकारी अमित कुमार ने किया। इस अवसर पर जीविका बीपीएम पीपराकोठी लक्षमण कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर जिला एवं प्रखंड स्तर के कई अधिकारी सहित प्रखंड के क्षेत्रीय समन्वयक सामुदायिक समन्वयक सहित सैकड़ों जीविका दीदी एवं कैडर उपस्थित थे।

