लीचीपुरम उत्सव की तैयारी को लेकर हुई बैठक
मेहसी। 18वें लीचीपुरम उत्सव -2026 के आयोजन को लेकर गुरुवार को मेहसी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद के आवास पर संपन्न हुई। बैठक में समिति ने क्षेत्रीय विधायक श्याम बाबू प्रसाद यादव के उस पहल का स्वागत किया, जिसमें उन्होंने लीचीपुरम के रूप में प्रसिद्ध मेहसी के लीची किसानों की समस्या विधानसभा में उठाते हुए कृषि मंत्री राम कृपाल यादव से स्टिंग बग के खात्मे की अपील की।
मंत्री श्री यादव ने इस मामले में सकारात्मक कदम उठाने की बात कही है। समिति ने सरकार से आग्रह किया है कि इस मामले में अविलंब कदम उठाए जाएं। समिति ने कहा है कि स्टिंग बग के कारण प्रतिवर्ष सौ करोड़ से ज्यादा की लीची का नुक़सान हो रहा है। इस मामले में विधायक श्री यादव की पहल के लिए समिति ने उनका आभार व्यक्त किया है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विधायक श्री यादव के नेतृत्व में इस बार के लीचीपुरम उत्सव का आयोजन किया जाएगा ताकि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि पा सके। इसके पूर्व लीची किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए मेहसी में कृषि वैज्ञानिकों के साथ गोष्ठी आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि तीन दिवसीय लीचीपुरम उत्सव को यादगार कार्यक्रम बनाया जाएगा। इस अवसर पर संपूर्ण रंगीन स्मारिका का प्रकाशन करने का निर्णय लिया गया। समिति ने नगर पंचायत के अध्यक्ष पति अरविंद कुमार गुप्ता को अपना अध्यक्ष चुना है। वर्तमान अध्यक्ष सुधीर कुमार सिन्हा समिति के संरक्षक मंडल में शामिल किए गए हैं। उमेश शर्मा को समिति का दूसरा संयोजक चुना गया है।
बैठक की अध्यक्षता संस्थापक संरक्षक सत्यदेव राय आर्य ने की। मौके पर समिति के नए अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता, सुदिष्ट नारायण ठाकुर, गजेन्द्र मिश्रा, चंद्र भूषण कुशवाहा, उमेश शर्मा, मनोज कुमार, शंकर प्रसाद कुशवाहा, मनोज मेहसवी, मनोज प्रसाद, मनोज मिली, प्रमोद मेहता, कटहां मुखिया सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

