हरसिद्धि में नल-जल योजना को लेकर ग्रामीणो में आक्रोश,ठेकेदार पर लगाया मनमानी का आरोप
हरसिद्धि। प्रखंड क्षेत्र के पानापुर रंजीता पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-7 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी ‘सात निश्चय’ योजना के तहत चल रही नल-जल योजना में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाया है।
बताया गया है कि वार्ड में नल-जल योजना के तहत पाइप बिछाने का कार्य चल रहा था, लेकिन शिकायत के बावजूद ठेकेदार ने कई जगह पाइप लगाने से साफ इंकार कर दिया। लिहाजा जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो ठेकेदार ने कथित तौर पर कहा कि “जहां शिकायत करनी है कर लीजिए, काम नहीं होगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ जगहों पर घटिया गुणवत्ता के पाइप लगाकर काम पूरा दिखा दिया गया, जबकि कई घरों तक अब भी पाइपलाइन नहीं पहुंची है, घटिया सामग्री के विरोध में जब लोगों ने आवाज उठाई तो कार्यरत कर्मी काम छोड़कर मौके से फरार हो गए। स्थिति यह है कि इलाके में पानी की टंकी तो स्थापित कर दी गई है, लेकिन पाइपलाइन अधूरी रहने के कारण लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
फिलवक्त ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से नल-जल योजना का कार्य पीएचईडी (लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग) को सौंपा गया है, तब से कई गांवों में समय पर पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, कई जगहों पर पाइपलाइन टूटी-फूटी है। लीकेज की समस्या भी बनी हुई है। शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
इस संबंध में हरसिद्धि विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नागेंद्र राम ने कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

