एसबीआई ने जीविका समूह मेगा ऋण वितरण कैंप में 51 करोड़ ऋण का किया वितरण
– जीविका के सभी समूहों का जुड़ाव बहुत ही महत्वपूर्ण : महाप्रबंधक
मोतिहारी। स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के तत्वाधान में जीविका पूर्वी चम्पारण के साथ जीविका समूह मेगा ऋण वितरण समारोह का आयोजन राजा बाजार स्थित बापू प्रेक्षा गृह सभागार में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंम्भ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी, महाप्रबंधक आर. नटराजन, जीविका के राज्य परियोजना प्रबंधक (बैंक लिंकेज) पुष्पेंद्र सिंह तिवारी एवं जीविका समूह की दीदियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर राज्य परियोजना प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह तिवारी ने जीविका द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से जानकारी दी।

बताया कि दीदियां आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की ओर बढ़ रही हैं।जीविका दीदियों को अपने रोजगार और जीविकोपार्जन को बढ़ावा देने हेतु अधिक से अधिक ऋण प्राप्त करने में बैंको का सहयोग मिल रहा है, साथ ही जीविका दीदियों को दिए गए ऋण के वापसी का दर भी काफी बेहतर होता जा रहा हैं । जीविका दीदियां स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से साप्ताहिक बैठक कर अपनी ऋण जरूरतों पर चर्चा करते हुए योजना बनाती है एवं साप्ताहिक बचत, लेन-देन, ऋण वापसी एवं लेखांकन करते हुए ऋण प्राप्त करती हैं ।
कोई भी समूह एनपीए न हो, इसके लिए ऋण वापसी कमिटियों द्वारा कार्य किया जाता है। ऋण वापसी का विवरण जीविका के एमआईएस पोर्टल पर देखा जा सकता है।
मुख्य महाप्रबंधक ने कहा की जीविका के सभी समूहों का जुड़ाव बहुत ही महत्वपूर्ण है, सभी समूह से जुडी दीदियां इसका लाभ लेकर अपनी आर्थिक स्थिति को बेहतर बना सकती है। वहीं उन्होंने सभी बैंक शाखाओं में अधिक से अधिक जीविका समूहों के बचत एवं ऋण खाता खोलने का निर्देश दिया। मेगा ऋण वितरण समारोह में जिले के जीविका समूहों में 51 करोड़ रुपए का ऋण वितरण किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले जीविका के सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक, बैंक शाखा प्रबन्धक सम्मानित किए गए।

