डेयरी संचालक के साथ मारपीट, पशु की मौत; मामले में महिला ने थाने में दी आवेदन
सुगौली।स्थानीय थाना क्षेत्र के भरगावा पंचायत के करुईनी गांव में एक डेयरी संचालक के साथ मारपीट करने और पशुओं को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर करुईनी गांव निवासी पन्नालाल भगत की पत्नी सविता देवी ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। सविता देवी ने अपने आवेदन में बताया है कि उनके देवर अशोक प्रसाद सुधा दूध की डेयरी चला कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।वे अपने डेयरी सेंटर पर बैठे हुए थे, तभी गांव के ही पांच- सात लोग वहां पहुंच कर डेयरी फार्म में घुस गए और जान से मारने की नीयत से उनके साथ मारपीट करने लगे। हमले में अशोक प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया कि किसी तरह वे अपनी जान बचा कर वहां से भागे और पास के एक घर में छिप कर अपनी जान बचाई । इसके बाद आरोपित लोग उनके घर भी पहुंच गए और हंगामा करते हुए मारपीट करने लगे।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने पशुओं के साथ भी मारपीट की जिससे एक पशु की मौत हो गई, जबकि कई अन्य पशु घायल हो गए। घटना में लगभग दो लाख रुपये से अधिक की क्षति होने की बात कही गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अशोक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुगौली में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जानकारी के अनुसार दूसरे पक्ष के लोगों ने भी थाने में आवेदन दिया है।

