जागापाकड़ में रिटायर्ड सैनिक के घर का ताला तोड़ भीषण चोरी

जागापाकड़ में रिटायर्ड सैनिक के घर का ताला तोड़ भीषण चोरी
Facebook WhatsApp

 

नकदी समेत करीब 30 लाख रूपये के जेवरात व कीमती सामान चुराई

– पत्नी के साथ इलाज कराने कोलकाता गए है फौजी 

हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के जागापाकड़ बढ़ईया टोला गांव में चोरों ने एक रिटायर्ड फौजी के घर का ताला तोड़कर भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर में रखे नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान सहित लगभग 30 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ किया है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जाता है कि पीड़ित रिटायर्ड सैनिक रमाकांत शर्मा 25 फरवरी से  ही अपनी पत्नी के साथ इलाज कराने कोलकाता गए हुए हैं। उनका घर बंद था, जबकि उनका पुत्र अखिलेश शर्मा पटना में अपने परिवार के साथ रहकर नौकरी करता है।

रविवार की सुबह पड़ोसी जब उनके दरवाजे पर फूल तोड़ने पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखा। तत्पश्चात शोर मचाया और ग्रामीणों की मदद से डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। साथ ही परिजनों को भी घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद रिटायर्ड सैनिक का पुत्र अखिलेश शर्मा पटना से घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि अलमारियों में रखे उनकी मां और पत्नी के सभी सोने-चांदी के जेवरात चोरों ने चुरा लिए। इसके अलावा चांदी के सिक्के और करीब एक लाख रुपये नकद भी चोरी कर ली गई है।

 

पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए जेवरात और सामान की कुल कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी जा रही है, जिसका अंतिम आंकलन परिजनों से बातचीत के बाद किया जा रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से जागापाकड़ इलाके के लोग काफी भयभीत हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो महीनों के भीतर गांव में सात घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। जिससे लोगों मे दहशत फैला हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page