शांतिपूर्ण वातावरण में होली सम्पन्न कराने को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी
– डीएम-एसपी का ज्वाइंट आदेश जारी
– डीजे-अश्लील गानों पर रोक के आदेश
-खलल डालने वालों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश
मोतिहारी। होली के पावन पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी आदेश जारी किए गए है। जाहिर है कि खलल डालने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जायेगी। जिला प्रशासन के अनुसार होलिका दहन 02 मार्च की रात्रि को संपन्न होगी। जबकि होली पर्व 03 एवं 04 मार्च को मनाया जाएगा।
लिहाजा विवादित स्थलों पर होलिका दहन नहीं होगा, इसके लिए समस्त अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
वे खुद होलिका दहन स्थलों का भ्रमण कर स्थिति का जायज़ा लेंगे।अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करें। जबकि शांति समिति के समस्त सदस्यों के संपर्क नंबर थाना प्रभारी अपनी पंजी में संधारित करेंगे। विधि-व्यवस्था पूरी तरह से बहाल रहे फलस्वरूप समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इसके अतिरिक्त सभी अनुमंडल कार्यालयों में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं, जो 02 मार्च की दोपहर से 05 मार्च तक अनवरत सक्रिय रहेंगा।
जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06252-242418 पर चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगा। जिले भर में चिह्नित 531 स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पकड़ीदयाल में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, अरेराज में एडीएम शैलेंद्र कुमार भारती, चकिया में एडीएम विभागीय जांच मो. शिबगतूल्लाह, रक्सौल में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी कुमार विवेकानंद, सिकरहना में जिला पंचायत राज पदाधिकारी रामजन्म पासवान तथा मोतिहारी सदर में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अरुण कुमार को पूरी तरह से कंट्रोल का उत्तरदायित्व दिया गया है।
उपरोक्त सभी वरीय अधिकारी अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहते हुए स्थिति पर नजर रखेंगे। समस्त थानों को अलर्ट मोड में रखा गया है। चौकीदार-दफादारो के माध्यम से आसूचना संग्रह को सुदृढ़ किया जाएगा। दंगा निरोधी दस्ता, एसडीआरएफ टीम, फायर सर्विस, चिकित्सा दल, एंबुलेंस एवं क्विक रिस्पांस टीम को पूर्ण सतर्कता के निर्देश दिए गए है। थाना एवं प्रखंड स्तर पर भी क्यूआरटी का गठन किया गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। अफवाहों से बचने के लिए सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। साइबर सेल को एक्टिव मोड में रहेगा।
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध तथा अश्लील गानों के प्रसारण पर भी सख्त रोक रहेगी। शराबबंदी का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु विशेष सतर्कता बरती जाएगी। रेलवे स्टेशन, रेलवे लाइन, बस स्टैंड, आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को दे दिए गए हैं। सदर अस्पताल एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर एंबुलेंस एवं चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आकस्मिक चिकित्सीय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
जिला प्रशासन ने समस्त नागरिकों से शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की है।

