नालंदा सिपाही मौत कांड में नया मोड,शराब तस्करों की गोली से नहीं अपने ही जवान की गोली से गई सिपाही की जान
पटना। नालंदा में उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार की मौत मामला अब नया मोड ले लिया है। शराब तस्करों की फायरिंग में सिपाही की मौत होने का विभाग का शुरूआती दावा झूठा निकला।जांच में सामने आया कि अपनी ही टीम के होमगार्ड की राइफल से चली गोली लगने से अजीत की जान गई थी।
मामले में उत्पाद विभाग की दारोगा पुष्पा कुमारी और दो होमगार्ड समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।इसकी जानकारी एसपी हृदयकांत ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में दी है।
उल्लेखनीय है,कि शुरुआत में दावा किया गया था कि शराब तस्करों की गोली से अजीत घायल हुए थे। जांच में यह दावा गलत निकला तो टीम में शामिल कर्मियों की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई।जांच में घटना के तत्काल बाद वरीय अधिकारियों को सूचना देने में देरी का मामला भी सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय पुलिस को घटना की वास्तविक परिस्थितियों से तत्काल अवगत नहीं कराया गया।
टीम के नालंदा से बाहर निकलने के बाद फोन पर सिपाही के शराब तस्करों की गोलीबारी में घायल होने की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर संबंधित कर्मियों से पूछताछ की।एसपी हृदयकांत ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। टीम गोली चलने की परिस्थितियों, घटना के बाद दी गई जानकारी और संबंधित कर्मियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।शराब की खेप लेकर जा रहे वाहन और उससे जुड़े लोगों की पहचान भी की जा रही है।
मामले में मृतक सिपाही और महिला दारोगा पुष्पा कुमारी के बीच कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एसपी ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

