सीआरपीएफ जवान की अबोध बच्ची लापता
-लापता बच्ची के बाबा ने थाना में दी लिखित शिकायत
तुरकौलिया।जयसिंहपुर दुर्गा चौक गांव से दो दिन पूर्व एक सीआरपीएफ जवान की पांच वर्षीय मासूम बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है।परिजनों में अनहोनी की आशंका को लेकर भय व्याप्त है। बच्ची की मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घर में दो दिनों से चूल्हे तक नहीं जली है।। लापता बच्ची अनू कुमारी (5) के बाबा यमुना साह ने थाने में आवेदन देकर पोती की बरामदगी की गुहार लगाई है।
बच्ची के चाचा त्रिभुवन कुमार ने बताया कि 25 फरवरी की रात गांव के ही यादोलाल साह की बेटी की शादी थी, जिसमें दुबलिया गांव से बारात आई थी। अनू परिजनों के साथ बारात देखने गई थी। बारात के बाद वह नाच कार्यक्रम देखने लगी। शादी समारोह में काफी भीड़-भाड़ और चहल-पहल थी।
देर रात मे जब परिजन घर लौटे तो कुछ देर बाद पता चला कि अनू घर में नहीं है। इसके बाद परिजनों ने शादी स्थल और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, यहां तक कि जहां से बारात आई थी, वहां भी जानकारी ली गई, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। उसके पिता रंजीत कुमार सीआरपीएफ में ओडिशा बॉर्डर पर तैनात हैं। पुत्री के लापता होने की खबर से वे भी व्यथित हैं। थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बच्ची की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी और जांच कर रही है।

