कर्पूरी चौक के रूप में जाना जाएगा जानपुल चौक
– नगर निगम की बैठक में महापौर का ऐलान
मोतिहारी। नगर निगम के सभागार में महापौर प्रीति कुमारी की अध्यक्षता में बोर्ड की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन नगर आयुक्त आशीष कुमार द्वारा किया गया।
बैठक में पार्षदों द्वारा जानपुल चौक का नामकरण कर्पूरी ठाकुर के सम्मान में “कर्पूरी चौक” करने, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, निगम के उत्क्रमित क्षेत्र में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली, एलईडी लाइट की गुणवत्ता तथा पार्षदों को लैपटॉप उपलब्ध कराने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सदन की कार्यवाही प्रारंभ होते ही विद्युत विभाग के कार्यों पर चर्चा हुई। पार्षदों ने वार्डों में बिजली खंभा लगाने की प्रक्रिया में स्पष्टता लाने की आवश्यकता बताई। बाजार समिति पथ में सड़क के बीच स्थित बिजली खंभों को हटाने तथा बेलबनवा मोहल्ला की सड़कों से अवरोधक खंभों को स्थानांतरित करने की मांग रखी गई, ताकि विकास कार्यों में बाधा न आए और आवागमन सुगम हो सके।
उत्क्रमित क्षेत्र में होल्डिंग जारी करने के शुल्क पर पुनर्विचार करने का प्रस्ताव भी रखा गया। बलुआ चौक पर ओवरब्रिज के नीचे उत्पन्न जल निकासी समस्या की ओर सदन का ध्यान आकृष्ट कराया गया। साथ ही एक वार्ड में एलईडी लाइट लगाने के कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा कराने की मांग भी की गई।
चर्चा के उपरांत निगम के 46 वार्डों में प्रस्तावित विकास योजनाओं पर विचार किया गया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। महापौर ने जानकारी दी कि जानपुल चौक के निवासियों द्वारा चौक का नाम “कर्पूरी चौक” करने का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। इस प्रस्ताव को सदन में प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। नगर आयुक्त ने बताया कि अब निगम द्वारा केवल उन्हीं व्यवसायियों को ट्रेड लाइसेंस जारी किया जाएगा, जिनके प्रतिष्ठान सीसीटीवी से आच्छादित होंगे।

