कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने भोपाल में देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू एच5एन1 वैक्सीन का किया लोकार्पण
भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि भारत ने पशु रोग नियंत्रण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश में पहली बार बर्ड फ्लू के खतरनाक एच5एन1 संक्रमण से मुर्गियों को बचाने के लिए स्वदेशी वैक्सीन विकसित की गई है।केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने आज भोपाल में इस वैक्सीन का लोकार्पण कर देश को समर्पित किया।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि यह वैक्सीन भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान(आईसीएआर-एनआईएचएसएडी) के वैज्ञानिकों ने विकसित की है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा मंत्री विश्वास सारंग, क्षेत्रीय सांसद आलोक शर्मा समेत अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने इसे भारत के पशु स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की की प्रेरणा से आज आईसीएआर-एनआईएचएसएडी भोपाल द्वारा विकसित भारत की पहली स्वदेशी एच5एन1 बर्ड फ्लू वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। यह वैक्सीन पोल्ट्री क्षेत्र की सुरक्षा और मुर्गीपालन से जुड़े किसानों की आजीविका को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
यह उपलब्धि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगी। इस स्वदेशी वैक्सीन के विकास में योगदान देने वाले संस्थान के सभी वैज्ञानिकों एवं शोधकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई।इस वैक्सीन का विकास एच5एन1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए स्वरूप को ध्यान में रखकर किया गया है।
यह निष्क्रिय (इनएक्टिवेटेड) वैक्सीन है और विशेष रूप से मुर्गियों में बर्ड फ्लू के संक्रमण से सुरक्षा देने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इस स्वरूप के खिलाफ भारत में पहली बार स्वदेशी वैक्सीन विकसित हुई है। अभी तक इसके लिए कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में भोपाल के वैज्ञानिकों का यह अनुसंधान पोल्ट्री क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारत में वर्ष 2006 में पहली बार बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था। इसके बाद से एच5एन1 और एच5एन8 वायरस के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। बर्ड फ्लू मुर्गियों और अन्य पक्षियों के लिए गंभीर बीमारी है। संक्रमित पक्षियों में मृत्यु दर लगभग 100 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। संक्रमण फैलने पर बड़ी संख्या में पक्षियों को मारना पड़ता है। इसके साथ ही पोल्ट्री कारोबार पर प्रतिबंध लगने से किसानों और कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
इस बीमारी का असर केवल मुर्गियों की मौत तक सीमित नहीं रहता। इसके प्रकोप से अंडे और चिकन के कारोबार, आपूर्ति व्यवस्था तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी असर पड़ता है। एक बड़े प्रकोप से देश की जीडीपी वृद्धि में 1.5 प्रतिशत तक की कमी आने का अनुमान जताया गया है। वहीं, बीमारी अनियंत्रित होने पर देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी प्रभावित होने का खतरा बताया गया है।
इंसानों तक संक्रमण पहुंचने का भी खतरा
एच5एन1 वायरस को सार्वजनिक स्वास्थ्य की दृष्टि से भी गंभीर माना जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक 25 देशों में इस संक्रमण के 1,003 मानव मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है। ऐसे में मुर्गियों में संक्रमण को नियंत्रित करना दूसरे पशुओं और मनुष्यों तक इसके प्रसार का जोखिम कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।
भोपाल के वैज्ञानिकों की इस उपलब्धि से देश में बर्ड फ्लू नियंत्रण के लिए स्वदेशी तकनीक विकसित करने का रास्ता मजबूत हुआ है। कार्यक्रम में वैक्सीन की तकनीक के हस्तांतरण की प्रक्रिया भी शामिल रही, जिससे इसके उपयोग और उत्पादन को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

