राजस्थान के भिवाड़ी में फैक्ट्री हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले विधायक कृष्णानंदन पासवान,
राजस्थान फैक्ट्री हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले विधायक कृष्णानंदन पासवान,
-मुआवजे और आवास का दिलाया भरोसा
हरसिद्धि। राजस्थान के भिवाड़ी स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण हादसे में हरसिद्धि प्रखंड के पांच युवाओं की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री कृष्णानंदन पासवान ने मटियारिया और मुरारपुर गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। विधायक ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में वे उनके साथ मजबूती से खड़े हैं, उन्होंने कहा कि हरसिद्धि के पांच युवाओं की असामयिक मौत न केवल परिवारों ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखदपूर्ण घटना है, “मैं इस क्षेत्र का विधायक हूं, इन युवाओं की मौत से मुझे भी व्यक्तिगत रूप से गहरा आघात पहुंचा है, श्री पासवान ने कहा कि वे बिहार सरकार और राजस्थान सरकार से वार्ता कर शीघ्र उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे। जबकि अंचलाधिकारी अरविंद कुमार को निर्देश दिया कि मुआवजे का प्रस्ताव अविलंब तैयार कर भेजा जाए, ताकि प्रक्रिया में विलंब न हो, साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी गुलशन कुमार को निर्देशित किया कि मृतकों के परिजनों को शीघ्र इंदिरा आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराये। पीड़ित परिवारों को दो से तीन दिनों के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर लाभ दिलाये।
विधायक ने पांचों मृतकों के परिजनों को अपने स्तर से आर्थिक सहायता प्रदान की तथा आगे भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय और सहायता दिलाने के लिए वे हर स्तर पर प्रयासरत रहेंगे।
मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष पवन राज सहित कई स्थानीय भाजपा नेता उपस्थित थे। जिला अध्यक्ष ने कहा कि सरकार द्वारा जो भी सहायता देय होगी, उसे शीघ्र दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर
भाजपा नेता फारूक आजम, राजकिशोर सिंह, कुंदन राज, हरेंद्र कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष निकेत सिंह, मारकंडे कुशवाहा, प्रदीप कुमार, अमजद खान सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

