ट्रक बनाए तहखाने से मिली शराब की बड़ी खेप
पीपराकोठी में 1200 लीटर शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी। पीपराकोठी थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर एसपी द्वारा गठित टीम ने एक ट्रक के गुप्त तहखाने से लगभग 1200 लीटर अवैध शराब बरामद की है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त शराब और ट्रक की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर फौरी कार्रवाई के तहत पुलिस ने NH 27 पर पीपराकोठी ओवरब्रिज के नीचे ट्रको की की तलाशी ली गई।
सदर-2 डीएसपी जितेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम को ट्रक के अगले हिस्से की पत्ती दबी दिखी, फलस्वरूप गहन तलाशी के बाद ट्रक के केबिन से लेकर ढाले तक बनाए गए एक गुप्त तहखाने से शराब का भंडाफोड़ हुआ। तहखाने से करीब 1200 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि जिले में शराब तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। छापेमारी टीम में डीएसपी जितेश कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, एसआई शशि भूषण कुमार, धनंजय कुमार, अस्मिता राजश्री और सैप के जवान शामिल थे।

