जमीनी विवाद में मारपीट, 16 नामजद सहित 35 पर प्राथमिकी
कल्याणपुर। थाना क्षेत्र के बहुआरा हरिवंश गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच उत्पन्न तनाव के दौरान पुलिस के साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौज, वाहन फूंकने की धमकी एवं नाजायज महाजमा लगाने के आरोप में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 16 नामजद एवं 35 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहुआरा हरिवंश गांव के रंवीश कुमार उर्फ चुमन कुमार और अशर्फी साह के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर नाजायज महाजमा लगा लिया।
सूचना मिलने पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार किया, गाली-गलौज की तथा पुलिस वाहन को फूंकने की धमकी दी। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले में 16 नामजद एवं 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। इसी क्रम में पुलिस ने केसरिया थाना क्षेत्र के भुसौलवा गांव निवासी अंकित कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष विनीत कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच जमीन विवाद के मामले में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से भीड़ जुटाकर पुलिस कार्य में बाधा पहुंचाई गई तथा दुर्व्यवहार किया गया।मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

