सांसद पप्पू यादव जेल से हुए रिहा
-पप्पू यादव को पटना की एमपी-एमएलए कोर्ट ने शुक्रवार को तीन अलग-अलग मामलों में दी जमानत
पटना। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार को पटना की एमपी-एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने उन्हें तीन अलग-अलग मामलों में जमानत दी है। ये मामले पटना और पूर्णिया से जुड़े हैं। अदालत ने जमानत देते हुए आदेश दिया कि जब भी मामले की सुनवाई होगी तो उन्हें सशरीर उपस्थित होना होगा। जमानत मिलने के बाद पप्पू यादव शुक्रवार को ही शाम 6 बजे पटना के बेऊर जेल से बाहर आ गए। पप्पू यादव के जेल से निकलने के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। आपको बता दें कि पप्पू यादव को 6 फरवरी को पटना पुलिस ने 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तार किया था। अदालत से उन्हें इस केस में उन्हें पहले ही जमानत मिल गई थी।
उल्लेखनीय है, कि सांसद पप्पू यादव पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और धरना प्रदर्शन के मामले को लेकर केस किया गया था। बुद्धा कॉलोनी थाने में सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया था। वहीं, कोतवाली थाने के 2 मामले एक 2017 और 2019 के मामले में थे, जो धरना प्रदर्शन से जुड़े थे। इन मामलों को लेकर पप्पू यादव न्यायिक हिरासत में थे और उनकी जमानत याचिकाओं पर सुनवाई चल रही थी।

