सूखे नशे के विरूद्ध पुलिस की विशेष कारवाई में स्मैक और गांजा के साथ महिला गिरफ्तार
मोतिहारी।एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर में जिले में सूखा नशा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।पुलिस ने शहर से सटे बंजरिया थाना क्षेत्र के सिंघिया गुमटी के समीप एक दुकान में छापेमारी कर एक महिला को स्मैक और गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
उक्त कार्रवाई प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका एवं बंजरिया थाना की पुलिस टीम शामिल रही।दरअसल पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बंजरिया थाना क्षेत्र के सिंघिया गुमटी के समीप स्थित एक दुकान में अवैध रूप से गांजा और स्मैक की बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी द्वारा प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर तत्काल छापेमारी का निर्देश दिया गया।
निर्देश के आलोक में पुलिस टीम ने सिंघिया गुमटी के आसपास स्थित कई दुकानों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध दुकान से गांजा की नौ पुड़िया, लगभग 27 पुड़िया स्मैक तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। मौके से एक महिला को गिरफ्तार किया गया, जो कथित रूप से सूखा नशा के कारोबार में संलिप्त बताई जा रही है। गिरफ्तार महिला के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

