व्यवसायियों के हित में फ्री सेफ्टी एनओसी के प्राप्त करने के लिए टास्क फोर्स का गठन
– विलंब से अनापत्ति पत्र देने वाले के विरुद्ध डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
मोतिहारी। जिलाधिकारी ने स्थानीय व्यवसायियों और प्रतिष्ठानों को अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों और अनावश्यक विलम्ब की समस्या के तुरंत निदान के लिए एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया है।
उक्त निर्णय जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय व्यवसायियों के साथ हुई बैठक के पश्चात लिया गया है, ताकि व्यवसायियों को सरकारी सेवाओं का लाभ शीघ्र और सुगम तरीके से मिल सके। अपर समाहर्ता, विभागीय जांच, की अध्यक्षता में टास्क फोर्स का गठन किया गया है। जिसमें जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एवं होम गार्ड कमांडेंट सह अग्निशमन पदाधिकारी को शामिल किया गया है।
यह टास्क फोर्स सभी लंबित आवेदन पत्रों की विस्तृत समीक्षा करेगी, विलम्ब के वास्तविक कारणों का पता लगाएगी और प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए ठोस सुझाव देगी। टास्क फोर्स को पंद्रह दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि टास्क फोर्स प्रत्येक लंबित मामले की गहन जांच करे और यह सुनिश्चित करे कि किसी भी व्यवसायी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही या जानबूझकर विलम्ब करने का मामला सामने आता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। व्यवसाययों से अपील किया गया है कि फ्री सेफ्टी एन ओसी से संबंधित किसी भी समस्या, शिकायत या जानकारी के लिए व्यवसायी जिला कलेक्ट्रेट डीएम सेल से संपर्क कर सकते हैं। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और शीघ्र उसका समाधान किया जाएगा।

