विधानसभा परिसर में कांग्रेस का पुतला प्रदर्शन, राजद ने कहा राज्य में कानून-व्यवस्था विफल
पटना। बिहार विधानसभा परिसर में मंगलवार को कांग्रेस विधायकों ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में पुतला लेकर पहुंचे विधायकों ने सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर विफलता का आरोप लगाया।
वही बिहार में दुष्कर्म के मामलों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान राजद नेताओं और विधायकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि देश में दुष्कर्म के सर्वाधिक मामले बिहार में दर्ज हो रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे चनपटिया से कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि बिहार में कानून का राज समाप्त हो चुका है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हालात संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
राजद नेताओं ने दरभंगा की घटना और पटना में नीट की छात्रा से जुड़े मामले का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस-प्रशासन अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान हाथों में तख्तियां लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
अभिषेक रंजन ने आरोप लगाया कि अपराध की घटनाओं पर न तो समय पर कार्रवाई होती है और न ही दोषियों को सख्त सजा मिलती है। इसी कारण अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है और वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
कांग्रेस विधायकों ने कहा कि सरकार जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने में लगी है। जबकि आम लोग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। कानून-व्यवस्था की बदहाली का खामियाजा सीधे जनता को भुगतना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने मांग की कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था पर तत्काल नियंत्रण करे। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।

