इंडिया पोस्ट के माध्यम से आसानी से जनता को मिल रही है सब्सिडी: डाक अधीक्षक
हरसिद्धि। इंडिया पोस्ट के माध्यम से आम जनता को विभिन्न योजनाओं की सब्सिडी आसानी से उनके खातों में मिल रही है। पूरे देश में मोतिहारी इंडिया पोस्ट सब्सिडी भुगतान मामले में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उक्त बातें मोतिहारी के डाक अधीक्षक आशुतोष आदित्य ने बुधवार को हरसिद्धि स्थित हरसिद्धि बायोटेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सभागार में आयोजित बिजनेस संगठन एमओयू साइनिंग एवं कंपनी एनुअल डायरी लंच कार्यक्रम के दौरान कहीं।
डाक अधीक्षक ने कहा कि डाक विभाग अब केवल पत्र और पार्सल तक सीमित नहीं है, बल्कि बैंकिंग, बीमा, सब्सिडी भुगतान सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों की समृद्धि के लिए डाक विभाग उनके छोटे-छोटे उत्पादों को विदेशों तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। मोतिहारी से चावल, आटा के साथ-साथ दवाइयों की भी विदेशों में डाक के माध्यम से आपूर्ति की जा रही है।
इस अवसर पर हरसिद्धि बायोटेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ बिजनेस संगठन एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए। श्री आदित्य ने कहा कि डाक जीवन बीमा के माध्यम से भी बड़ी संख्या में लोग डाकघर से जुड़ रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से डाक विभाग की सेवाओं से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि अशोक सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर व सीईओ नागार्जुन कुशवाहा, बोर्ड मेंबर एवं मार्केटिंग हेड संतोष कुमार, जनरल मैनेजर अच्छेलाल सिंह के अलावा भरत प्रसाद, जयप्रकाश प्रसाद, मनोज कुमार सिंह, ओमप्रकाश सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

