मोतिहारी नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति ने लिए कई अहम निर्णय
मोतिहारी। नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक महापौर प्रीति कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम क्षेत्र की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।बैठक में उपमहापौर डॉ.लालबाबू प्रसाद, नगर आयुक्त आशीष कुमार व सशक्त स्थायी समिति सदस्य थे। महापौर ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में मुख्य सड़कों, नालों एवं गली-मोहल्लों की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही घर-घर कूड़ा उठाव की व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं नियमित रूप से लागू किया जाएगा, ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाया जा सके।
साथ ही सभी वार्डों में निर्धारित सफाई कर्मियों की संख्या के अनुसार प्रतिदिन सुबह 08 बजे एवं दोपहर 02 बजे जिओ-टैगिंग के माध्यम से सफाई कर्मियों की हाजिरी बनाई जाएगी। इससे निगम व एजेंसी द्वारा सफाई कर्मियों की वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित की जा सकेगी। प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्णय: नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर करने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। महिलाओं के लिए पिंक शौचालयों का निर्माण: महिलाओं की सुविधा एवं सम्मान को प्राथमिकता देते हुए बैठक में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यकता अनुसार पिंक शौचालयों के निर्माण का निर्णय लिया गया। साथ ही गांधी मैदान परिसर में पिंक शौचालय तथा दिव्यांगजनों के लिए डीलक्स शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पुराने एवं नव-निर्मित शौचालयों की नियमित सफाई एवं समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करने के लिए दो अदद मिनी जेटिंग मशीन क्रय करने का भी निर्णय लिया गया। महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह परिसर में पुस्तकालय के निर्माण का निर्णय : महापौर ने बताया कि नवयुवक पुस्तकालय के पीछे स्थित पार्किंग स्थल का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। साथ ही महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह परिसर में एक पुस्तकालय के निर्माण का भी निर्णय लिया गया। सफाई व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक वार्ड जमादार को अपने-अपने वार्ड में भ्रमण एवं सफाई कार्य के निरीक्षण के लिए प्रति माह 5 लीटर पेट्रोल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।

