ग्रामीण और शहरी जीवन बीमा में चम्पारण डाक प्रमंडल ने देश में लहराया परचम
-22 अक्टूबर 2025 को 1.20 करोड़ का जबकि 21 जनवरी 2026 को 4.13 करोड़ का रिकॉर्ड प्रीमियम अर्जित कर देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया
-डीएम ने पोस्ट आफिस के माध्यम से लाभ उठाने की अपील की
मोतिहारी। डाकघर अंतर्गत चंपारण प्रमंडल, ने चालू वित्तीय वर्ष के दौरान डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा विशेष ड्राइव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। विशेष ड्राइव के तहत जिले के तीन अलग-अलग अवसरों पर बेहतर करते हुए पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूर्वी चंपारण गौरवान्वित हुआ है।
बताते है कि डाक अधीक्षक, चंपारण प्रमंडल, मोतिहारी आशुतोष आदित्य के कुशल नेतृत्व में 18जून 2025 को आयोजित पीएलआई ड्राइव में 2.54 करोड़ का प्रीमियम अर्जित कर देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया गया। इसके उपरांत 22 अक्टूबर 2025 को आयोजित ड्राइव में 1.20 करोड़ का प्रीमियम संग्रह कर पुनः राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया गया।
इसी क्रम में 21 जनवरी 2026 को आयोजित विशेष ड्राइव में 4.13 करोड़ का रिकॉर्ड प्रीमियम अर्जित कर चंपारण प्रमंडल ने एक बार फिर पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि पूर्वी चंपारण के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के डाकघरों के माध्यम से नागरिकों को घर के निकट ही विभिन्न सरकारी एवं वित्तीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है, फलस्वरूप विशेषकर ग्रामीण एवं वंचित वर्गों को सुविधा हो रही है। डाकघर द्वारा वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं विद्यार्थियों के लिए विशेष योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा डाक विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सेवाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग डाकघर की आधुनिक सेवाओं से लाभान्वित हो सकें। जिला प्रशासन ने नागरिको से डाकघर से अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।

