भारत विकास परिषद व श्रीराम जानकी मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में नेत्र जांच शिविर का आयोजन
– सिद्धि आई केयर, बीरगंज के सहयोग से 150 से अधिक मरीजों की हुई जांच
– 35 मरीज निकले मोतियाबिंद के शिकार,
रक्सौल। शहर के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित श्रीरामजानकी मंदिर परिसर में मंगलवार को भारत विकास परिषद शाखा रक्सौल एवं श्रीरामजानकी मंदिर सह विवाह भवन समिति के संयुक्त तत्वावधान में निः शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सिद्धि आई केयर, बीरगंज के सहयोग से लगाया गया था।
शिविर का उद्घाटन सिद्धि आई केयर के डॉ. आदित्य प्रसाद एवं डॉ. बिपिशा श्रेष्ठ, भारत विकास परिषद शाखा रक्सौल के संरक्षक भरत प्रसाद गुप्त आदि ने किया। उक्त अवसर पर अवधेश सिंह, श्रीराम जानकी मंदिर सह विवाह भवन समिति के अध्यक्ष विनोद गुप्ता एवं सचिव शिवपूजन प्रसाद मौजूद थे। इस अवसर पर दोनों चिकित्सकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

-नेत्रों की देखभाल पर दिया गया जागरूकता संदेश
डॉ. आदित्य प्रसाद एवं डॉ. बिपिशा श्रेष्ठ ने संयुक्त रूप से बताया कि आंखें शरीर का अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण अंग हैं। समय-समय पर नेत्र जांच न कराने से गंभीर नेत्र रोग उत्पन्न हो सकता हैं। तनावपूर्ण जीवनशैली में निकट दृष्टि दोष (मायोपिया), दूर दृष्टि दोष (हाइपरोपिया) तथा उम्र से संबंधित आंखों की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिनका समय पर उपचार आवश्यक है, ताकि अंधेपन जैसी गंभीर समस्याओं से बचा जा सके। इस अवसर पर 150 से अधिक मरीजों का नेत्र जांच किया गया। इनमें 35 मरीज मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए। सभी मरीजों का निःशुल्क जांच, के साथ ही मुफ्त में दवा दी गई।

