शराब के जुगत में खरगोश का मीट बताकर ग्रामीणो को खिलाया कुत्ते का मीट,कई बीमार
पूर्वी चंपारण। जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है,जिसने इंसानियत को शर्मसार करके रख दिया है। एक युवक ने शराब के लिए पैसे जुटाने के चक्कर में कुत्ते की हत्या कर उसके मांस को खरगोश का मीट बताकर गांव वालों को बेच दिया। जिसको खाने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जबकि आरोपी शराबबंदी वाले राज्य में उसी पैसे से महंगी शराब खरीदकर पीता रहा।
यह सनसनीखेज मामला मधुबन प्रखंड के गड़हिया गांव का है। जहां उसी गांव का रहने वाला मंगरू सहनी ने शराब खरीदने के लिए गांव के एक कुत्ते को पकड़कर उसको मार दिया और उसके मांस को खरगोश का मीट बताकर गांव वालो एक हजार प्रति किलो के दर से बेच दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, मंगरू सहनी को शराब पीने की लत है। पैसे नही होने पर उसने गांव के एक कुत्ते को मार डाला और उसका मांस तैयार कर लोगों के बीच खरगोश का मीट बताकर बेच दिया।
पीड़ित राम परवेश सहनी ने बताया कि वह भी मीट लेकर आया,उसने नही खाया लेकिन घर पर पत्नी और बच्चों ने मीट खा लिया। सुबह में मंगरू ने ही बताया कि उसने कुत्ते का मांस खिला दिया। पहले तो लगा कि वह बदमाशी कर रहा है, लेकिन जब छानबीन की तो कुत्ते का सिर और पैर मिला। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और लोगों को सच्चाई पर यकीन हो गया।
राम परवेश सहनी के मुताबिक, गांव में करीब 10 से 15 लोगों को कुत्ते का मांस खिलाया गया। कुछ लोगों को कोई दिक्कत नहीं हुई, लेकिन कई लोगों को उल्टी और कमजोरी की शिकायत हुई। पीड़ितों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। गांव की महिला लक्ष्मी देवी ने बताया,”मंगरू बोला चाची खरगोश का मीट लाया हूं,ले लीजिए पहले मना किया, फिर उसकी बातों में आ गए। मीट खाने के बाद उल्टी होने लगी। सुबह आकर बोला कि खरगोश नहीं, कुत्ते का मीट था।लक्ष्मी देवी ने बताया कि मंगरू ने आधा किलो मांस के लिए 500 रुपये लिए थे। कुछ अन्य ग्रामीणों ने भी इसी दर पर मांस खरीदा था।
घटना के बाद गांव वालों ने गड़हिया बाजार थाने में मंगरू सहनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना है कि जो व्यक्ति कुत्ते की हत्या कर सकता है, वह किसी इंसान की जान लेने से भी नहीं हिचकेगा। उन्होंने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

