योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर डीएम ने रक्सौल अनुमंडल में की समीक्षा बैठक

योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर डीएम ने रक्सौल अनुमंडल में की समीक्षा बैठक
Facebook WhatsApp

रक्सौल।अनुमंडल सभागार में जिलाधिकारी, पूर्वी चंपारण सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में राज्य सरकार द्वारा प्रखंड एवं अंचल स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा की गई।

बैठक में अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा एवं उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार भी उपस्थित रहे। ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26), मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना के तहत आवास स्वीकृति, पूर्णता एवं e-KYC की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित आवासों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने तथा आवास प्लस-2024 के तहत सर्वेक्षित नए लाभुकों के सत्यापन का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया।

लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत IHHL, अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई (WPU), डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण, SLWM, ODF प्लस मॉडल एवं मॉडल गांव के सत्यापन की प्रखंडवार समीक्षा की गई। सभी कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

मनरेगा योजनाओं की समीक्षा के दौरान लाभुकों के e-KYC, वृक्षारोपण, खेल मैदान, मानव दिवस सृजन, भुगतान, जियो-टैगिंग एवं एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से निरीक्षण की प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यों की दैनिक समीक्षा करने तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी।

पंचायती राज विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री सोलर लाइट स्ट्रीट योजना, पंचायत सरकार भवन निर्माण एवं षष्ठम एवं 15वें वित्त आयोग मद से व्यय की गई राशि की समीक्षा की गई। पंचायत सरकार भवन हेतु भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं अतिक्रमण हटाकर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अंतर्गत दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, अभियान बसेरा, भू-मापी, आधार सीडिंग एवं लंबित एलपीसी मामलों की समीक्षा करते हुए अंचलाधिकारियों को शीघ्र निष्पादन एवं साप्ताहिक हल्का-वार समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी रक्सौल, जिला पंचायत राज पदाधिकारी मोतिहारी, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी एवं अन्य प्रखंड/अंचल स्तरीय कर्मी उपस्थित थे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page