हाउस लोन अदा नहीं करने वाले का घर सील
कल्याणपुर। थाना क्षेत्र के कल्याणपुर पंचायत के अलौला गांव में शुक्रवार को प्रशासन ने केदार प्रसाद यादव के पुत्र आलोक रंजन के घर को सील कर दिया। उक्त कार्रवाई आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड मुजफ्फरपुर से लिए गए ऋण की अदायगी नहीं होने के कारण की गई। जानकारी के अनुसार आलोक रंजन ने आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड से 6 लाख 80 हजार 255 रुपये का ऋण लिया था। ऋण की राशि जमा नहीं किए जाने के बाद कंपनी द्वारा विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत यह कार्रवाई की गई। नतीजतन
अंचल प्रशासन की उपस्थिति में संबंधित घर को सील कर दिया गया। अंचलाधिकारी रणधीर कुमार ने बताया कि ऋण बकाया रहने के कारण विधिक प्रक्रिया के तहत घर को सील किया गया है। घर में रखे गए सभी सामानों का पंचनामा बनाकर सीलिंग की गई है तथा पूरे मामले की रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेज दी गई है।

