रक्सौल बॉर्डर पर मानव तस्करी का प्रयास विफल, नाबालिग लड़की सुरक्षित, दो तस्कर गिरफ्तार
रक्सौल। मानव तस्करी रोधी इकाई 47वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल रक्सौल को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर भारत के अन्य राज्यों से रक्सौल के रास्ते नेपाल ले जाने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर मानव तस्करी रोधी इकाई के प्रभारी द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम को अलर्ट किया गया तथा मैत्री पुल पर तैनात बल कर्मियों को सतर्क कर दिया गया।
मानव तस्करी रोधी इकाई टीम द्वारा भारत-नेपाल सीमा पर आने-जाने वाले लोगों से संदेह के आधार पर बारीकी से पूछताछ की जा रही थी। इसी क्रम में एक किशोरी को संदेह के आधार पर रोका गया। महिला बल कर्मियों द्वारा काउंसलिंग किए जाने पर पता चला कि वह लुधियाना (पंजाब) से नेपाल जा रही है।
जब नेपाल जाने के कारण और गंतव्य के संबंध में पूछताछ की गई तो लड़की ने बताया कि उसके साथ दो व्यक्ति भी हैं, जो उसे नेपाल ले जा रहे हैं। लड़की ने बताया कि उसे अकेले बॉर्डर पार करने को कहा गया था और दोनों व्यक्ति बॉर्डर क्रॉस करने के बाद उससे मिलने वाले थे।
लड़की के सहयोग से दोनों संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई और कुछ समय बाद मैत्री पुल के समीप भारत से नेपाल जाते समय दोनों को पकड़ लिया गया। टीम तथा प्रयास एवं स्वच्छ रक्सौल संस्था (गैर सरकारी संगठन) द्वारा पूछताछ में खुलासा हुआ कि पकड़े गए व्यक्तियों में मोहम्मद नौशाद मियां अंसारी, जिला परसा (नेपाल) का निवासी है। उसकी पहचान पंजाब निवासी किशन कुमार से पहले हुई थी।
पूछताछ में सामने आया कि किशन कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से रमा देवी (बदला हुआ नाम) से दोस्ती की थी और अपने मित्र मोहम्मद नौशाद मियां अंसारी के सहयोग से नेपाल में नौकरी दिलाने और शादी का झांसा देकर नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर घर से भगाया। इसके बाद दोनों उसे पंजाब से रक्सौल (बिहार) लाए और बॉर्डर पर पकड़े न जाएं, इस उद्देश्य से लड़की को अकेले बॉर्डर क्रॉस कराने की कोशिश की गई।
मानव तस्करी रोधी इकाई की सतर्कता से नाबालिग लड़की को मानव तस्करों के जाल में फंसने से बचा लिया गया और दोनों तस्करों के मंसूबों को विफल करते हुए अग्रिम कार्रवाई के लिए उन्हें हरैया थाना, रक्सौल के सुपुर्द कर दिया गया।
टीम द्वारा परिजनों से संपर्क किए जाने पर यह भी जानकारी मिली कि लुधियाना (पंजाब) के स्थानीय थाना में अपहरण के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी संख्या 0142/25, दिनांक 15/12/25 है।
इस सफल बचाव अभियान में मानव तस्करी रोधी इकाई से इंस्पेक्टर विकास कुमार, AHTU एवं SSB टीम, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर से आरती कुमारी व राज गुप्ता तथा स्वच्छ रक्सौल संस्था से रणजीत सिंह और साबरा खातून की अहम भूमिका रही।
फोटो -रक्सौल बॉर्डर पर मानव तस्करी का प्रयास विफल, नाबालिग लड़की सुरक्षित, दो तस्कर गिरफ्तार

