मरीज की मौत को लेकर चिकित्सक पर एफआईआर दर्ज
मोतिहारी। नगर थाना क्षेत्र के एनएच 28 के नजदीक स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत होने के बाद मृतक की पत्नी ने थाने को लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है।
मृतक अंबिकानगर मुहल्ला का रहने वाला पंकज कुमार तिवारी बताया गया है। घटना को लेकर मृतक की पत्नी प्रियंका तिवारी ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने नर्सिंग होम के दो चिकित्सकों पर ओवरडोज दवा देने व गलत इलाज करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने पुलिस को बताया है कि उनके पति की तबीयत बिगड़ने पर एनएच 28 किनारे एक नर्सिंग होम में इलाज के लिए ले जाया गया। चिकित्सक ने इलाज शुरू किया। इस दौरान चिकित्सकों ने चार सुई दी। इससे पंकज की स्थिति और बिगड़ गई। कुछ दवा देकर ईसीजी किया गया। महज पौने दो घंटे के इलाज के दौरान उनके पति की मौत हो गई। थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

