रक्सौल में लक्ष्मीपुर पावर हाउस के पीछे गैस टैंकर से हुई लिकेज,इलाके में मची अफरा-तफरी
रक्सौल। प्रखंड क्षेत्र के लक्ष्मीपुर बाईपास रोड स्थित पावर हाउस के पीछे बुधवार की दोपहर अचानक एक गैस टैंकर से गैस लीक होने की घटना सामने आई। गैस का रिसाव होते ही इलाके में तेज गंध फैलने लगी, जिसके बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोग घरों व दुकानों को छोड़ सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे, जिससे पूरे क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एहतियातन आसपास के इलाके को खाली कराया गया और अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर गैस रिसाव को नियंत्रित करने की कोशिश में जुट गए।
हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच जारी है।

