तुरकौलिया से एक छात्रा सहित दो युवतियों का अपहरण
– स्नातक की छात्रा घर से 90 हजार रुपये एवं डेढ़ लाख के आभूषण के साथ फरार
-प्रेम प्रसंग में अपहरण की आशंका
मोतिहारी। तुरकौलिया थाना क्षेत्र के दो जगह से दो युवतियों का अपहरण होने की खबर है। दोनों मामले में थाना में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराया गया है। अग़वा युवती में एक स्नातक की छात्रा है। जिसके पिता ने थाना में आवेदन दिया है। कहा है कि उसकी लड़की शहर के एक कॉलेज में स्नातक की छात्रा है। वह घर से स्नातक का फ्रॉम भरने की बात कहकर निकली। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू की गई। इस दौरान पता चला कि उसकी पुत्री घर से नकद 90 हजार रुपया व करीब डेढ़ लाख के जेवरात लेकर निकल गयी है।
तत्पश्चात पता चला कि जयसिंहपुर दक्षिणी पंचायत के बड़हरवा गांव के सुदामा महतो का पुत्र संदीप कुमार महतो उसकी पुत्री को तुरकौलिया चौक से टेम्पो पर लेकर मोतिहारी चला गया है। जब वह संदीप के घर पूछने गया तो वह घर पर नहीं था। उसके पिता सुदामा महतो, संजू देवी गाली- गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट किया। जिससे वह जख्मी हो गया। दोनों ने कहा कि तुम्हारी पुत्री को लेकर मेरा बेटा बाहर गया है। इसकी शिकायत कही किया तो तुम्हारे घर में आग लगाकर जला देगें। दूसरी ओर क्षेत्र के एक गांव में दो दिसंबर की रात आष्टायम पूजा हो रहा था। पूजा देखने एक नाबालिक लड़की गयी थी। जहां से वह वापस नहीं आई। मामले को लेकर लापता लड़की के पिता ने थाना में आवेदन दिया है। लड़की के गायब होने से उसका पूरा परिवार भयाक्रांत है। थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी ने बताया कि दोनों मामले में एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

