समस्तीपुर के पूसा कृषि विश्वविद्यालय में एसिड की बोतल फटने से चार मजदूर झुलसे,दो की हालत गंभीर

समस्तीपुर के पूसा कृषि विश्वविद्यालय में एसिड की बोतल फटने से चार मजदूर झुलसे,दो की हालत गंभीर
Facebook WhatsApp

पटना। समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में सोमवार सुबह एक पुराने एसिड की बोतल फट जाने से बड़ा हादसा हो गया।दुर्घटना में चार सफाईकर्मी गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत पूसा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में नियमित सफाई के दौरान पुराने रसायनों की छंटाई की जा रही थी। तभी एक डिब्बे में रखी पुरानी एसिड की बोतल अचानक ब्लास्ट कर गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद मजदूर बच नहीं पाए और एसिड सीधे उन पर गिर गया। अन्य कर्मचारियों ने तुरंत विश्वव्दियालय प्रशासन को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने बताया कि मजदूरों की त्वचा गंभीर रूप से जल गई है और उन्हें विशेष चिकित्सा की आवश्यकता है। जरूरत पड़ने पर उन्हें बड़े अस्पताल में रेफर किया जा सकता है।

प्रारंभिक जांच में अंदेशा है कि बोतल में रखा एसिड अत्यधिक पुराना होने के कारण अस्थिर हो गया था, जिसके चलते सफाई के दौरान रासायनिक प्रतिक्रिया हुई और विस्फोट हो गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि खतरनाक रसायनों के सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया जारी है, लेकिन पुराने स्टॉक की अधिकता दुर्घटना का कारण प्रतीत होती है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय देश के प्रमुख कृषि संस्थानों में शामिल है, जिसकी स्थापना 1970 में हुई थी और 2016 में इसे केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय का दर्जा प्रदान किया गया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page