बेतौना में बड़े भाई की हत्या आरोपी छोटे भाई का मिला शव
पकड़ीदयाल में आत्महत्या करने की आशंका
दो दिन पहले बड़े भाई की चाकू मारकर हुई थी हत्या , दो दिन में दो मौत से इलाके में मातम
पूर्वी चंपारण। पताही थाना क्षेत्र के बेतौना पंचायत में बीते दिन हुए दर्दनाक पारिवारिक विवाद के बाद अब एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या के मामले में नामजद आरोपी छोटे भाई सकल साह ने पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के नवादा पंचायत में आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार शनिवार की सुबह नवादा पंचायत के एक खेत के पास पेड़ से एक युवक का शव लटका हुआ देखा गया। पहचान होने पर पता चला कि वह सकल साह है, जो बेतौना पंचायत में अपने ही बड़े भाई गगन साह की हत्या का आरोपी था।
सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच शुरू की।यहां बता दे कि बेतौना पंचायत में रविवार देर शाम दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया था। विवाद इतना गंभीर हो गया कि छोटे भाई सकल साह ने गुस्से में आकर बड़े भाई गगन साह को चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही सकल साह घर से फरार था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
कई लोगो का कहना है कि सकल साह मानसिक रूप से बेहद दबाव में था। एक तरफ पुलिस का डर, दूसरी तरफ भाई की हत्या का पछतावा—इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया होगा।
हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।लगातार दो दिनों में दो मौतों ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। पहले बड़े भाई की हत्या और फिर छोटे भाई की आत्महत्या से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
पकड़ीदयाल थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। साथ ही पताही थाना पुलिस से संपर्क कर दोनों घटनाओं की कड़ी जोड़कर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य और ग्रामीणों के बयान के आधार पर विस्तृत जांच की जाएगा।

