तुरकौलिया में अवैध शराब फैक्ट्री का उद्भेदन, दो तस्कर गिरफ्तार, 150 लीटर शराब बरामद
– शराब फैक्ट्री का संचालक गिरफ्तार
मोतिहारी। तुरकौलिया पुलिस ने भेला छपरा गांव के समीप जमुनिया पोखरा के पास बीती रात छापेमारी कर अवैध शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। शराब फैक्ट्री संचालित करने वाले दो तस्करों को भी पकड़ा है।
छापेमारी में तैयार किए गए करीब 150 लीटर देशी चुलाई शराब व शराब बनाने वाले उपकरण को भी बरामद किया है। पकड़े गए अवैध शराब फैक्ट्री के संचालक प्रेम साहनी व विजय साहनी हैं। बता दें कि थानाध्यक्ष रंजीत कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि भेला छपरा गांव के समीप जमुनिया पोखरा के पास अवैध शराब की फैक्ट्री चलाई जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने एक विशेष टीम का गठन किया।
छापेमारी टीम में दारोगा राजेश कुमार तिवारी, दफादार मंटू ठाकुर, चौकीदार बृज यादव व पुलिस बल के जवान शामिल थे। टीम ने बीती रात जमुनिया पोखरा के पास छापेमारी की तो वहां शराब बनाने का काम चल रहा था। पुलिस को देखकर तस्कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने दोनों को मौके पर ही धर दबोचा।
मौके से पुलिस ने 150 लीटर तैयार देशी चुलाई शराब के अलावा शराब बनाने में प्रयोग होने वाले बर्तन, चूल्हा, प्लास्टिक के ड्रम और अन्य उपकरण भी बरामद किए। पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया। मामले में दारोगा राजेश तिवारी के स्वलिखित आवेदन पर एफआईआर दर्ज किया गया है। पकड़े गए युवकों से पुलिस शराब फैक्ट्री में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद शनिवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जहां भी अवैध शराब बनाने या बेंचने की सूचना मिलेगी, वहां छापेमारी कर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अवैध शराब के धंधे में लगे लोगों की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। इधर, इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।

