एनएसयूआई के चुनाव का बजा बिगुल, 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक होगा ऑनलाइन नामांकन

एनएसयूआई के चुनाव का बजा बिगुल, 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक होगा ऑनलाइन नामांकन
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन  के बिहार संगठनात्मक चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार, 27 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार के जोनल रिटर्निंग ऑफिसर  निखिल श्रीवास्तव ने विस्तृत जानकारी साझा की।

बताया कि चुनाव लोकतंत्र, पारदर्शिता, समान अवसर और छात्र सहभागिता के सिद्धांतों पर आधारित है। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य कॉलेज एवं विश्वविद्यालय स्तर पर छात्रों को लोकतांत्रिक तरीके से अपना नेतृत्व चुनने और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देना है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. कन्हैया कुमार तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। बिहार में चुनाव प्रक्रिया को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न कराने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।

उन्होने  बताया कि चुनाव दो चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण में कॉलेज एवं विश्वविद्यालय इकाई स्तर पर प्रत्यक्ष चुनाव कराया जाएगा, जिसमें अध्यक्ष का चुनाव सीधे होगा। इसके बाद निर्वाचित प्रतिनिधियों के माध्यम से जिला एवं प्रदेश स्तर की समितियों के गठन की प्रक्रिया होगी। दूसरे चरण के विस्तृत दिशा-निर्देश बाद में जारी किए जाएंगे।

चुनाव मॉडल के अनुसार 16 से 27 वर्ष की आयु के ऐसे विद्यार्थी सदस्यता के पात्र होंगे, जो किसी कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय में नामांकित हों और भारत के नागरिक हों। निर्धारित जन्मतिथि सीमा 26 नवंबर 1998 से 26 नवंबर 2010 है। सदस्यता के लिए लाइव फोटो, कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय पहचान पत्र, आधार कार्ड और ओटीपी  से सत्यापित मोबाइल नंबर अनिवार्य होगा। सदस्यता शुल्क 45 रुपये निर्धारित किया गया है।

चुनाव मॉडल में छात्र संख्या के आधार पर समितियों का ढांचा निर्धारित किया गया है। नतीजतन 10 हजार तक छात्र संख्या वाले संस्थानों में 11 सदस्यीय, 20 हजार तक छात्र संख्या वाले संस्थानों में 21 सदस्यीय तथा 20 हजार से अधिक छात्र संख्या वाले संस्थानों में 31 सदस्यीय समिति का प्रावधान है। इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं महासचिव सहित विभिन्न पद शामिल हैं। महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं दिव्यांग वर्ग के लिए भी निर्धारित प्रतिनिधित्व का प्रावधान रखा गया है।

उम्मीदवारों को नामांकन के समय कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय पहचान पत्र, आधार कार्ड, कक्षा 10 की अंकतालिका या प्रमाणपत्र, हालिया लाइव फोटो और नामांकन प्रक्रिया के दौरान रिकॉर्ड किया गया लाइव वीडियो देना होगा। कॉलेज एवं विश्वविद्यालय समिति के लिए नामांकन शुल्क 1000 रुपये निर्धारित है, जबकि एससी /एसटी, महिला और बीपीएल  उम्मीदवारों के लिए रियायती शुल्क 500 रुपये रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि निखिल श्रीवास्तव  एनएसयूआई  के पूर्व राष्ट्रीय समन्वयक रह चुके हैं। वर्तमान में उन्हें  चुनाव में जोनल रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त वह शहर कांग्रेस कमेटी, प्रयागराज के महासचिव हैं। संगठनात्मक गतिविधियों में उनके पूर्व अनुभव को देखते हुए उन्हें बिहार में चुनाव प्रक्रिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रेस कॉन्फ्रेस में शामिल मोतिहारी जिलाध्यक्ष अखिलेश दयाल, युवा कांग्रेस महासचिव बिट्टू यादव, कांग्रेस नगर अध्यक्ष राहुल शर्मा, जिला अध्यक्ष अशीष कुमार, मो. इकराम,आर्यन राज उर्फ सनी सहित अन्य कार्यकर्ती मौजूद थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page