69,720 नशीले कैप्सूल के साथ ई-रिक्शा चालक गिरफ्तार, नेपाल भेजने की थी तैयारी
रक्सौल। भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रक्सौल पुलिस ने बड़ी खेप बरामद की है। इस दौरान रक्सौल पुलिस ने शहर के कौड़िहार चौक बस स्टैंड के पास छापेमारी कर एक ई-रिक्शा से 69,720 पीस ट्रामोल-50 कंपनी के कैप्सूल बरामद किए हैं।
मौके से ई-रिक्शा चालक जितेंद्र साह (31) को गिरफ्तार किया गया है। बरामद कैप्सूल दो कार्टून में रखे हुए थे। पुलिस ने ई-रिक्शा और एक एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया है।एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि शुक्रवार की शाम गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि मोतिहारी से बस के माध्यम से भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल रक्सौल मंगवाए गए हैं।
इन्हें कौड़िहार बस स्टैंड के पास ई-रिक्शा पर लादकर नेपाल ले जाने की तैयारी थी। सूचना के सत्यापन के बाद छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा पर लदे दो कार्टून के साथ जितेंद्र साह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर वार्ड नंबर-13 निवासी भूषण साह के पुत्र जितेंद्र साह के रूप में हुई है।
जब्त ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 05 आरए 3468 है। एसडीपीओ ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में एसडीपीओ मनीष आनंद, कार्यपालक दंडाधिकारी रवि कुमारी, थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, पर्यवेक्षी पदाधिकारी निर्भय कुमार राय, औषधि निरीक्षक राकेश सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार पासवान सहित पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

