विराट रामायण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के व्हाइट कोट समारोह में शामिल हुए सांसद राधा मोहन सिंह

विराट रामायण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के व्हाइट कोट समारोह में शामिल हुए सांसद राधा मोहन सिंह
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। विराट रामायण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में आयोजित व्हाइट कोट समारोह में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर उन्होंने नवप्रवेशित मेडिकल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोयला बेलवा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना पूर्वी चंपारण एवं उत्तर बिहार के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने तथा चिकित्सा शिक्षा को आम लोगों की पहुंच में लाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने संस्थान के संस्थापक आलोक शर्मा की दूरदर्शिता एवं संकल्प की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राम-जानकी एक्सप्रेस हाईवे, पोरबंदर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, हाजीपुर-सुगौली रेल लाइन तथा चकिया स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकास जैसी परियोजनाओं से संस्थान की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और विद्यार्थियों के साथ-साथ मरीजों को भी लाभ मिलेगा।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि सफेद कोट सेवा, अनुशासन, पवित्रता और विश्वास का प्रतीक है। चिकित्सा केवल विज्ञान नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना, करुणा और नैतिकता का क्षेत्र है। एक सफल चिकित्सक बनने के लिए जीवनभर सीखने, शोध और कठिन परिश्रम के प्रति समर्पित रहना आवश्यक है।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस संस्थान से प्रशिक्षित चिकित्सक ग्रामीण एवं वंचित वर्ग को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर समाज और चंपारण की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।  कार्यक्रम में  संस्थान के संस्थापक अलोक शर्मा सहित संस्थान के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page