रघुनाथपुर मे लड़की को खींचकर ले जा रहा था युवक, ग्रामीणों ने लोडेड कट्टे के साथ पकड़कर पुलिस को सौंपा
-मामले मे एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने युवक को भेजा जेल
तुरकौलिया/सनमार्ग संवाददाता। रघुनाथपुर गंडक कॉलोनी से ग्रामीणों ने एक युवक को लोडेड देशी कट्टा के साथ पकड़कर पुलिस को सौंपा है। पकड़ा गया युवक संग्रामपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर बरवा गांव के त्रिभुवन सिंह का पुत्र आदर्श सिंह है।
मामले में संग्रामपुर थाना के इजरा ग्रामवासी रविन्द्र कुमार चौबे ने रघुनाथपुर थाना में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराया है। उसने कहा है कि वे रघुनाथपुर गंडक कॉलोनी में मकान बनाकर रहते हैं। पीड़ित पिता ने बताया कि घर पर वे बच्चों के साथ सो रहे थे। इसी दौरान खिड़की से आवाज आई। जब जाकर देखा तो पाया कि उनकी पुत्री को आदर्श सिंह जबरदस्ती खींचकर ले जा रहा है। जब उसने विरोध किया तो उसने कमर से लोडेड पिस्टल निकालकर तान दिया। धमकी दी कि मैं जबरदस्ती आपकी लड़की को ले जाऊंगा। आगे बढ़े तो गोली मार दूंगा।
लेकिन पिता के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण जाग गए और दौड़कर पहुंच गए। ग्रामीणों के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने उसे लोडेड देशी कट्टा के साथ पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही रघुनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और कारतूस भी बरामद किया है। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि युवक के विरुद्ध अपहरण के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ने में दिखाई गई बहादुरी की सराहना की है। लोगों का कहना है कि अगर ग्रामीण समय पर नहीं पहुंचते तो बड़ी घटना हो सकती थी।

