नेपाल-भारत के बीच गैस पाइपलाइन समझौते पर काम शुरू, संयुक्त कार्यदल का गठन

नेपाल-भारत के बीच गैस पाइपलाइन समझौते पर काम शुरू, संयुक्त कार्यदल का गठन
Facebook WhatsApp

काठमांडू। नेपाल में पाइपलाइन सहित गैस भंडारण गृह निर्माण की योजना पर हुए समझौते के तहत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) और नेपाल ऑयल निगम (एनओसी) के अधिकारियों को शामिल कर एक संयुक्त कार्यदल बनाया गया है।नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के हाल ही में हुए भारत दौरे में हुए समझौते के तहत इस कार्यदल के गठन का निर्णय लिया गया था। नेपाल की ओर से उद्योग मंत्रालय के सह सचिव और भारत की ओर से पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के संयुक्त सचिव इसके नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे।

नेपाल सरकार के अधीन गैस भंडारण गृह निर्माण की घोषणा भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा हैदराबाद हाउस में किए जाने के बाद इस संयुक्त कार्यदल का गठन किया गया है। इसके तहत आईओसी के अधिकारियों का एनओसी की नेत्रगंज स्थित जमीन का स्थलीय निरीक्षण करने का कार्यक्रम है। निरीक्षण के बाद पाइपलाइन की संरचना, भंडारण गृह, गैस बुलेट से अनलोडिंग की क्षमता और सिलेंडरों में गैस भरने की व्यवस्था सहित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। भारतीय अधिकारियों का अनुमान है कि पाइपलाइन और भंडारण गृह निर्माण के लिए 1052 करोड़ भारतीय रुपये की अनुमानित लागत आ सकता है।

नेपाल उद्योग मंत्रालय के सह सचिव नवराज घिमिरे ने दोनों देशों के संयुक्त सचिव स्तर के संयुक्त कार्यदल की पहली बैठक आज शुक्रवार को होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भारतीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के संयुक्त सचिव के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत चर्चा होगी। घिमिरे के मुताबिक अगले एक महीने के भीतर परियोजना से जुड़े विषयों को अंतिम रूप देने का लक्ष्य रखा गया है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page