मुंबई में 12.20 करोड़ की चरस जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

मुंबई में 12.20 करोड़ की चरस जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

मुंबई। मुंबई में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल की वरली यूनिट ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) इलाके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12.200 किलो चरस बरामद की है।जब्त चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 12.20 करोड़ बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को एंटी नारकोटिक्स सेल की वरली यूनिट की टीम एलटीटी परिसर में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी में संलिप्त लोगों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को दो संदिग्ध व्यक्तियों के मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े होने की सूचना मिली।

सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया और उनकी तलाशी ली। तलाशी में उनके पास से 12 किलो 200 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ 25 नवंबर को मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में तिलक नगर पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 8(क), 20(ब)(ii)(क) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे और अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस उपायुक्त पूर्णिमा चौगुले-श्रृंगी की निगरानी में एंटी नारकोटिक्स सेल की वरली यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक संतोष सालुंखे के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक दिगंबर पाटील, पुलिस उपनिरीक्षक मुकुंद जाधव और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि इतनी बड़ी मात्रा में चरस आरोपियों तक कहां से पहुंची थी और इसे मुंबई में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके अलावा इस तस्करी के पीछे सक्रिय सप्लायरों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। इसी कड़ी में आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस की एक टीम उत्तर प्रदेश भी रवाना की गई है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page