बाबा साहेब के विचारों  के संकल्प से भारत एक विकसित, समृद्ध और न्यायपूर्ण राष्ट्र बनेगाः राधा मोहन सिंह 

बाबा साहेब के विचारों  के संकल्प से भारत एक विकसित, समृद्ध और न्यायपूर्ण राष्ट्र बनेगाः राधा मोहन सिंह 
Facebook WhatsApp

-गौरव दिवस के रूप में मनाया संविधान दिवस

मोतिहारी। संविधान दिवस के अवसर पर एसएनएस. विद्यापीठ, मोतिहारी द्वारा महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में संविधान गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री  राधा मोहन सिंह उपस्थित हुए।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद श्री सिंह ने कहा कि आज का दिन भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और संविधान निर्माण में योगदान देने वाली महान विभूतियों को स्मरण करने का अवसर है। इस पावन अवसर पर हम भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव  आंबेडकर को सादर नमन करते हैं।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था, जो 26 जनवरी, 1950 को लागू हुआ। हमारे संविधान की प्रस्तावना के प्रथम शब्द हैं- “हम, भारत के लोग…” ये शब्द बताते हैं कि भारतीय लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति उसकी जनता में निहित है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष, महान विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री और समाज सुधारक थे।

उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक भेदभाव, अस्पृश्यता और असमानता के विरुद्ध संघर्ष में समर्पित किया। उनका अमर संदेश था- “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो।” बाबा साहेब का सपना ऐसे भारत का था, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, सम्मान और न्याय मिले।

वे मानते थे कि राजनीतिक लोकतंत्र तभी सफल हो सकता है, जब उसकी नींव सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र पर आधारित हो।  हमारे संविधान के चार मूल आदर्श हैं- न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता। अनुच्छेद 14 समानता, अनुच्छेद 15 भेदभाव का निषेध और अनुच्छेद 17 अस्पृश्यता के अंत की व्यवस्था करता है। बाबा साहेब ने महिलाओं के अधिकारों, शिक्षा और सामाजिक न्याय को भी विशेष महत्व दिया।

श्री सिंह ने कहा कि वर्ष 1990 में बाबा साहेब को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया। वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने की पहल की गई।  केंद्र सरकार ने अंत्योदय और सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीबों एवं वंचितों तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया है।

संविधान का सम्मान केवल उसकी प्रस्तावना पढ़ने तक सीमित नहीं होना चाहिए। उसका वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब हम समानता, सामाजिक समरसता, कानून के सम्मान और अपने मौलिक कर्तव्यों को जीवन में अपनाएंगे। आप भारत का वर्तमान भी हैं और भविष्य भी। जाति, धर्म और भाषा के भेदभाव से ऊपर उठकर शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति को अपने जीवन का आधार बनाइए।

वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और सहभागिता से ही साकार होगा। मोतिहारी और चंपारण की यह धरती ऐतिहासिक गौरव की प्रतीक है। वर्ष 1917 में महात्मा गांधी जी ने इसी धरती से चंपारण सत्याग्रह की शुरुआत कर सत्य, अहिंसा और जनशक्ति का संदेश दिया था। बाबा साहेब ने सामाजिक न्याय और समानता का मार्ग दिखाया, महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा की शक्ति का परिचय कराया और हमारे संविधान ने इन आदर्शों को लोकतंत्र का आधार बनाया।

उन्होंने कहा कि संविधान गौरव दिवस पर हम संकल्प लें कि संविधान के आदर्शों का पालन करेंगे, सामाजिक समरसता को मजबूत करेंगे, अपने मौलिक कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे और विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देंगे। मुझे पूर्ण विश्वास है कि बाबा साहेब के विचारों और युवा शक्ति के संकल्प से भारत एक विकसित, समृद्ध और न्यायपूर्ण राष्ट्र बनेगा। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र- छात्राओं ने अपने विचार व्यक्ति किए। कार्यक्रम में उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, अलोक शर्मा, डॉ. प्रसूनदत्त, डॉ. आशुतोष शरण, डॉ. अरुण कुमार, प्रदीप कुमार, मृगेंद्र कुमार, डॉ. विनोद बैठा, रविशंकर त्रिपाठी, जयचंद्र गिरी सहित बड़ी संख्या में एसएनएस. शिक्षण संस्थान समूह एवं महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र – छात्राओं की उपस्थिति रही।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page