स्कॉर्पियो की ठोकर से घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत
राजस्व अधिकारी बोर्ड लगी स्कॉर्पियो से हादसा, गाड़ी जब्त
कोटवा। बेलवा चौक पर मंगलवार देर शाम स्कॉर्पियो की ठोकर से गंभीर रूप से घायल वृद्ध की बुधवार अहले सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान बेलवा माधो गांव निवासी 65 वर्षीय योगेंद्र साह के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्कॉर्पियो पर सवार राजस्व अधिकारी और चालक दोनों वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। स्कॉर्पियो पर राजस्व अधिकारी, पूर्वी चंपारण, ढाका का बोर्ड लगा हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार, योगेंद्र साह मंगलवार देर शाम किसी दुकान से सामान खरीदकर साइकिल से घर लौट रहे थे , इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें ठोकर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार अहले सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के बाद गाड़ी और सवार अधिकारी और चालक स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले को लेकर ढाका के राजस्व अधिकारी ने बताया कि वे लोग नेवता करने गए थे। बड़ा सवाल है कि सरकारी वाहन से निजी आयोजन में जाने और हादसे के बाद अधिकारी व चालक के मौके से फरार होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रभारी थाना अध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है, मामले में अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं है। आवेदन प्राप्त होने पर अग्रीम कार्रवाई की जाएगी।

