कुरआन शरीफ कंठस्थ कर हाफिज बने आतिफ आलम, परिवार में खुशी की लहर
-क्षेत्र के लोगों ने दी बधाईयां
सुगौली। प्रखंड क्षेत्र के सुकुल पाकड़ पंचायत के बेलवतिया गांव निवासी नासिर आलम के पुत्र हाफिज आतिफ आलम ने कुरआन शरीफ को हिफ्ज मुकम्मल कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
उन्होंने मदरसा मोहम्मदिया हफीजुल कुरान, पकही में कुरआन शरीफ को पूरी तरह कंठस्थ कर हाफिज बनने का गौरव प्राप्त किया है। उनकी इस कामयाबी से परिवार सहित पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है। आतिफ आलम की इस उपलब्धि को लेकर परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। गांव के लोगों ने भी उन्हें मुबारकबाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
परिजनों के अनुसार, कुरआन शरीफ को हिफ्ज करना एक कठिन और समर्पण भरा कार्य है, जिसके लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन की आवश्यकता होती है। पुत्र की इस कामयाबी पर पिता नासिर आलम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आतिफ की सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने बताया कि बेटे की इस उपलब्धि के पीछे उसकी मेहनत, लगन और शिक्षकों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा है।
वहीं हाफिज आतिफ आलम अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, उस्तादों और परिवार को दिया है। कहा कि कुरआन शरीफ को हिफ्ज करना उनके जीवन का महत्वपूर्ण लक्ष्य था, जिसे पूरा कर उन्हें बेहद खुशी मिली है। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए भी गौरवपूर्ण माना जा रहा है। वहीं मुखिया अशफाक अहमद, मो. भुलन,बसिरुल हक,मो.शाहिद अनवर, एहसानुल हक, मोहम्मद नौशाद, इम्तेयाज आलम, हाफिज रियाजुद्दीन, मो.समीम, बाबर अली सहित कई गणमान्य लोगों ने बधाइयां दी।

