नेपाल में तिब्बत की सीमा से सटे क्षेत्र में 5.6 तीव्रता का भूकंप, सिक्किम में भी महसूस हुए झटके
काठमांडू। नेपाल के पूर्वी सीमा क्षेत्र में मंगलवार की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका असर सिक्किम से लेकर बिहार तक में भी महसूस किया गया।रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.6 दर्ज की गई।
राष्ट्रीय भूकंप मापन एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, भूकंप सुबह 7 बजकर 17 मिनट पर आया। इसका केंद्र नेपाल के ताप्लेजुंग जिले के ओलांगचुंग गोला के निकट रही। यह इलाका तिब्बत की सीमा से सटा हुआ है।
केंद्र के भूकंप विज्ञानी राजेश शर्मा ने बताया कि भूकंप के झटके कोशी प्रदेश के कुछ जिलों में भी महसूस किए गए। हालांकि, भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने भूकंप के केंद्र को भारत के सिक्किम राज्य के मंगन क्षेत्र से लगभग 67 किलोमीटर दूर बताया है और कहा कि इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था।

