सदर अस्पताल परिसर में 50 बेड के निर्मित होने वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थल का डीएम ने किया निरीक्षण
-आज से निर्माण कार्य प्रारंभ करने का निर्देश
मोतिहारी। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के द्वारा सहायक समाहर्ता राज कृष्ण झा के साथ सदर अस्पताल परिसर मोतिहारी के उस स्थल का निरीक्षण किया गया जहां 50 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जाना है।
यहां पर बताया गया कि वर्तमान में उक्त स्थल पर मौजूद पेड़ को हटा दिया गया है। एलटी लाइन को शिफ्ट कर दिया गया है एवं उक्त स्थल पर पहले से बने जर्जर भवन को तोड़कर मालवा भी हटा दिया गया है। फलस्वरूप जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कल दिनांक 24 नवंबर से भवन के नींव का कार्य प्रारंभ करें।
अब इसमें कोई विलंब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यहां पर बताया गया कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक 50 बेड का बनेगा, जिसकी प्राक्कलन की राशि 17.98 करोड़ की है। इसके इकरारनामा की राशि 14.21 करोड़ की है। यह कार्य बिहार चिकित्सा सेवा आधारभूत संरचना निगम पटना के द्वारा एएनएम इंटरप्राइजेज के माध्यम से कराया जा रहा है।
वहीं बताया गया कि 50 बेड वाले सीसीबी भवन का निर्माण हो जाने से गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज स्थानीय स्तर पर भी संभव हो सकेगा। इस भवन में गहन चिकित्सा, इमरजेंसी, गंभीर तकलीफ,सड़क दुर्घटना जैसे मामलों के लिए 24 घंटे इमरजेंसी की सुविधा रहेगी। इसके अतिरिक्त यहां पर वेंटीलेटर और आईसीयू की भी सुविधा प्रदान की जाएगी। निरीक्षण के समय कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

