मंगूराहा में प्राचीन मंदिर एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के साथ क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति : राधामोहन

मंगूराहा में प्राचीन मंदिर एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के साथ क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति : राधामोहन
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। अरेराज प्रखंड के भ्रमण के दौरान सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने पूज्य प्राणपत नाथ मिश्र की पावन स्मृति को नमन करते हुए उनके समाधि स्थल एवं प्राचीन मंदिर में श्रद्धापूर्वक दर्शन किया। इस अवसर पर सांसद श्री सिंह ने कहा कि पूज्य प्राणपत नाथ मिश्र जी, संत शिरोमणि किनाराम बाबा के शिष्य थे।

उन्होंने अपनी तपस्या एवं आध्यात्मिक साधना से इस पवित्र स्थान को पावन बनाया। इसी स्थान पर उन्होंने समाधि ली थी और उनकी स्मृति में निर्मित यह प्राचीन मंदिर लगभग 200 वर्षों से भी अधिक पुराना है। यह मंदिर केवल ईंट-पत्थर की संरचना नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और समृद्ध आध्यात्मिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह गांव स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रद्धेय पंडित विभूति मिश्र की जन्मस्थली भी है।

पंडित विभूति मिश्र ने वर्ष 1952 से 1977 तक लगातार 25 वर्षों तक मोतिहारी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए जनसेवा की। उनके बाद ठाकुर रामपति सिंह सांसद के रूप में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इन महान विभूतियों का योगदान हमारी ऐतिहासिक एवं राजनीतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस अवसर पर सांसद श्री सिंह ने क्षेत्र के विकास एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सांसद निधि से 30 लाख की राशि से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की।

इनमें अरेराज प्रखंड अंतर्गत मंगूराहा पोखरा के नजदीक सौन्दर्यीकरण, चबूतरा शेड का निर्माण एवं आरसीसी बेंच का अधिष्ठापन, मंगूराहा पोखरा के नजदीक पार्क एवं पेवर ब्लॉक का निर्माण, पिच रोड, हनुमान मंदिर से बाबा प्राण पत नाथ मंदिर के तरफ जाने वाले सड़क का निर्माण कार्य, नहर के पास गांव में जानेवाली सड़क के नजदीक विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य, पंडित विभूति मिश्र की प्रतिमा का स्थापन शामिल है।

सांसद श्री सिंह ने कहा कि हमारा प्रयास है कि क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास कार्यों को भी गति दी जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान से परिचित हो सकें।

इस अवसर पर पूर्व विधायक सुनील मणि तिवारी, जिलाध्यक्ष पवन राज, अरेराज अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी कृष्णाकांत मिश्रा, मुखिया विकास उपाध्याय, समिति बिपुल मिश्रा, भाजपा नेता सह विधानसभा संयोजक संजय पाण्डेय, हेमंत मणि, मंडल अध्यक्ष राधेश्याम साह, राजाबाबू सहित अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page