सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर 16 लाख से अधिक का गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर 16 लाख से अधिक का गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

भागलपुर। रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस की संयुक्त टीम ने सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने एक महिला और एक पुरुष तस्कर को गिरफ्तार कर उनके पास से 32 किलो 190 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 16,09,500 आंकी गई है।

उक्त आशय की जानकारी रविवार को मालदा डीविजन के पीआरओ ने दी। उन्होंने बताया कि जमालपुर की अपराध खुफिया शाखा (सीआईबी) को सुल्तानगंज स्टेशन के रास्ते गांजा तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी।

पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय के शून्य-सहिष्णुता दिशा-निर्देशों और महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिय नंदन सिन्हा के पर्यवेक्षण में तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई गई। मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता के प्रशासनिक सहयोग और आरपीएफ जमालपुर के सहायक सुरक्षा आयुक्त अजय कुमार के नेतृत्व में सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने स्टेशन पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

संयुक्त टीम ने दो पुरुषों और दो महिलाओं को कई हैंडबैग व पिठ्ठू बैग के साथ प्लेटफॉर्म संख्या 01 से प्लेटफॉर्म संख्या 02 की ओर रेलवे ट्रैक पार करते देखा। संदेह होने पर जब जवानों ने उन्हें रोका, तो वे तेजी से प्लेटफॉर्म संख्या 02 स्थित फुटओवर ब्रिज के नीचे जमा भीड़ की ओर भागने लगे।

भीड़ का फायदा उठाकर एक पुरुष और एक महिला मौके से फरार हो गए, जबकि जवानों ने घेराबंदी कर एक पुरुष और एक महिला को आठ बैगों के साथ दबोच लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान रंजीत कुमार (35 वर्ष) और रेणु देवी (40 वर्ष) के रूप में बताई।वहीं, फरार हुए साथियों की पहचान रंजीत की पत्नी मनीषा देवी और रेणु देवी के पुत्र जज कुमार के रूप में की गई है।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजे की यह खेप सड़क मार्ग से पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से सुल्तानगंज लेकर आए थे और इसे विक्रमशिला एक्सप्रेस के जरिए आनंद विहार (दिल्ली) ले जाने की फिराक में थे। एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में सभी आठ बैगों की तलाशी ली गई। इस दौरान रेणु देवी के चार बैगों से पुराने कपड़ों के बीच छिपाकर रखे गए पॉलीथीन के चार पैकेटों में 17 किलो 200 ग्राम गांजा मिला।

वहीं, रंजीत कुमार के चार बैगों से भी चार पैकेटों में 14 किलो 990 ग्राम गांजा बरामद हुआ। विधिवत जब्ती सूची तैयार करने के बाद दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी भागलपुर को सुपुर्द कर दिया गया है।

आरपीएफ और जीआरपी के इस त्वरित व प्रभावी समन्वय की सराहना करते हुए पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शिबराम माझि ने कहा कि पूर्व रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों को सुरक्षित रखने के लिए सभी प्रकार की अवैध तस्करी के विरुद्ध कड़ी सतर्कता बरतने और सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page