छठ का सामान खरीदने बाजार गई महिला का पांच दिन बाद सरेह में मिला सड़ा-गला शव, बदमाशों ने एक हाथ काटा
सुगौली ।छठ महापर्व की तैयारी के लिए बाजार में खरीदारी करने निकली एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। लापता होने के पांच दिन बाद उसका सड़ा-गला शव सरेह से बरामद किया गया। शव का एक हाथ कटा हुआ था। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, मृतका के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान थाना क्षेत्र के माली पंचायत वार्ड संख्या-6 निवासी मनीब सहनी की पत्नी रीता देवी (35) के रूप में हुई है। वह दो बच्चों की मां थी। उसका मायका लखौरा थाना क्षेत्र के बहुअरी गांव में है। बताया जाता है कि उसका पति बाहर रहकर मजदूरी करता है।
परिजनों के अनुसार,रीता देवी छठ पर्व का सामान खरीदने सुगौली बाजार गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने थाने में आवेदन दिया। थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के आवेदन पर 14 नवंबर को गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था। इसी बीच 19 नवंबर को ग्रामीणों ने सरेह में महिला का सड़ा-गला शव देखा। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान शव का एक हाथ कटा हुआ पाया गया।
पुलिस ने 20 नवंबर को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद मृतका के पति और परिजनों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, घटना में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

